सिरमौर: मेडिकल कॉलेज नाहन में गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच, हाई रिस्क मामलों पर रहेगी डॉक्टरों की नजर
गर्भावस्था में किसी भी तरह की लापरवाही मां और बच्चे की सेहत पर भारी पड़ सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सिरमौर में गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
नाहन (सिरमौर)। गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सोमवार को सिरमौर जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया और जोखिम की आशंका वाले मामलों की पहचान पर विशेष ध्यान दिया गया।
मेडिकल कॉलेज नाहन में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व जांच की अहमियत समझाई गई। विभागाध्यक्ष डॉ. अमोद सिंह ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य परीक्षण बेहद जरूरी है, क्योंकि समय रहते सामने आने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का उचित उपचार किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान हाई रिस्क श्रेणी में आने वाली गर्भवती महिलाओं को विशेष रूप से चिन्हित किया जाता है। ऐसी महिलाओं को नियमित फॉलोअप करवाने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रहने की सलाह दी जाती है, ताकि गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
अभियान के माध्यम से महिलाओं को पौष्टिक एवं संतुलित भोजन लेने, निर्धारित समय पर टीकाकरण करवाने और गर्भावस्था के दौरान जरूरी सावधानियां अपनाने के प्रति भी जागरूक किया गया।
हर महीने की 9 तारीख को मिलती हैं निशुल्क सेवाएं
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की पहल है। इसके अंतर्गत प्रत्येक माह की 9 तारीख को गर्भवती महिलाओं को निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है।
इस अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करना, हाई रिस्क मामलों की समय पर पहचान सुनिश्चित करना तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है।
