हिमाचल: पटाखे जलाने पर पड़ोसी से हुआ विवाद बना मौत की वजह, थार से कुचलकर दंपती की हत्या; ऊना के बदोली गांव में सनसनी
ऊना: दिवाली की रात जिस घर में खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां कुछ ही देर में चीख-पुकार मच गई। पटाखे जलाने को लेकर पड़ोसियों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना हिंसक हो गया कि आरोप है कि एक व्यक्ति ने थार गाड़ी से कुचलकर पति-पत्नी की जान ले ली।
दिल दहला देने वाली यह घटना ऊना जिले के बदोली गांव की है, जो जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और शोक का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दिवाली की रात एक परिवार अपने घर के नजदीक पटाखे जला रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने पटाखे चलाने पर आपत्ति जताई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई और फिर विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गया।
आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आए पड़ोसी ने अपनी थार गाड़ी से दूसरे परिवार के लोगों को कुचल दिया। इस घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
आरोपी के साथ भी हुई मारपीट, हालत गंभीर
घटना के बाद इलाके में गुस्सा फैल गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आक्रोशित लोगों ने कथित आरोपी के साथ भी मारपीट की, जिसमें वह घायल हो गया। उसकी हालत गंभीर होने के चलते उसे पीजीआई रेफर किए जाने की सूचना है।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। देर रात क्षेत्रीय अस्पताल में भी काफी हंगामा होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। विवाद की परिस्थितियों, दंपती की मौत और घटना के बाद हुई मारपीट से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पटाखों को लेकर शुरू हुआ विवाद दो जिंदगियां लील गया। जिस त्योहार पर परिवार और पड़ोसी एक-दूसरे को खुशियां बांटते हैं, उसी रात बदोली गांव में हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
