शिमला के शोघी में बसों की चेकिंग के दौरान 24 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन युवक गिरफ्तार
बसों में सफर कर रहे यात्रियों की तलाशी के दौरान पुलिस के हाथ लगी बड़ी खेप, दो अलग-अलग मामलों में कुमारसैन और रोहड़ू के आरोपी पकड़े
शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे की तस्करी के लिए अब सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल किए जाने के मामले भी सामने आ रहे हैं। शिमला पुलिस ने शोघी के पास बसों की जांच के दौरान दो अलग-अलग कार्रवाइयों में तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 24 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
स्पेशल सेल शिमला की टीम ने ये दोनों कार्रवाइयां बसों की तलाशी के दौरान कीं। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी कुमारसैन और रोहड़ू क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं।
कुमारसैन निवासी के पास मिला 11 ग्राम चिट्टा
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई पांच नवंबर को पुलिस पोस्ट शोघी के समीप की गई। यहां एक बस की चेकिंग के दौरान सीट पर बैठे 42 वर्षीय विजय ठाकुर निवासी कुमारसैन की तलाशी ली गई। इस दौरान उसके कब्जे से 11 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में न्यायालय में पेश करने पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
रोहड़ू के दो युवकों से बरामद हुई 13 ग्राम खेप
दूसरी कार्रवाई में स्पेशल सेल की टीम ने शोघी के समीप नाकाबंदी के दौरान एक अन्य बस की तलाशी ली। इस दौरान बस में सफर कर रहे रोहड़ू निवासी 30 वर्षीय भोपिन्दर सिंह और 32 वर्षीय अनुज कुमार के पास से करीब 13 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान भोपिन्दर सिंह की जैकेट की जेब में रखी सिगरेट की डिब्बी से पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी में छिपाकर रखा गया चिट्टा मिला। इसके बाद दोनों युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें नौ नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब दोनों मामलों की गहनता से जांच कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि गिरफ्तार आरोपियों के पास चिट्टा कहां से पहुंचा और इसके पीछे कोई बड़ा सप्लाई नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
