हिमाचल में अवैध शराब कारोबार पर विजिलेंस का बड़ा एक्शन, दो ठेकों से 611 बोतलें और 41 बीयर कैन बरामद
चंडीगढ़ और पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित शराब हिमाचल में खपाने का आरोप, ठेका मालिकों और सेल्समैन पर FIR दर्ज
सोलन। हिमाचल प्रदेश में दूसरे राज्यों से शराब की अवैध सप्लाई और बिक्री के कारोबार पर विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोलन जिले में दो शराब ठेकों पर अचानक छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब और बीयर बरामद की गई है। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) की संयुक्त टीम ने सोलन जिले के माधला और कालूझिंडा स्थित दो शराब ठेकों पर दबिश दी। जांच के दौरान यहां से कुल 611 बोतल शराब और 41 बीयर कैन जब्त किए गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरामद शराब चंडीगढ़ और पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित थी, जिसे कथित तौर पर हिमाचल प्रदेश में अवैध रूप से लाकर बेचने का कारोबार किया जा रहा था। विजिलेंस ने दोनों ठेकों पर कार्रवाई करते हुए शराब की खेप को कब्जे में ले लिया है।
मामले में विजिलेंस की ओर से दोनों ठेकों के मालिकों और संबंधित सेल्समैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अब जांच के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दूसरे राज्यों से शराब हिमाचल तक कैसे पहुंचाई जा रही थी और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
विजिलेंस की इस कार्रवाई को हिमाचल में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
