संगड़ाह में ड्यूटी पर लौट रहे गृह रक्षक जवान से मारपीट, पत्थर से सिर पर किया वार; मामला दर्ज
चाय पीकर पुलिस थाना लौट रहे 55 वर्षीय गृह रक्षक जवान के साथ रास्ते में मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने रास्ता रोककर पत्थर से उसके सिर पर हमला कर दिया।
संगड़ाह (सिरमौर)। पुलिस थाना संगड़ाह के अंतर्गत बाजार से पुलिस थाना लौट रहे एक गृह रक्षक जवान के साथ मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में धर्मपाल पुत्र जिया लाल निवासी डेबरघाट, डाकघर भुजौण्ड, तहसील नौहराधार ने बताया कि वह वर्तमान में पुलिस थाना संगड़ाह में गृह रक्षक के पद पर सामान्य ड्यूटी पर तैनात है।
शिकायत के अनुसार, 7 नवंबर को सुबह करीब 8:35 बजे वह काली मिट्टी, संगड़ाह बाजार से चाय पीकर वापस पुलिस थाना जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अनिल पुत्र उदय सिंह निवासी सियूं ने कथित तौर पर बिना किसी कारण उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट की।
आरोप है कि इस दौरान अनिल ने पत्थर से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसे चोटें आईं।
पुलिस थाना संगड़ाह में शिकायत के आधार पर अभियोग दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
