राजगढ़ में आधी रात बड़ा सड़क हादसा: 400-500 मीटर नीचे घासनी में गिरा ट्रक, चालक की मौत; एक अन्य घायल
रात करीब 12:20 बजे सुनाई दी जोरदार आवाज के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो भयावह मंजर सामने आया। सड़क से सैकड़ों मीटर नीचे क्षतिग्रस्त ट्रक में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा घायल मिला।
राजगढ़ (सिरमौर)। पुलिस थाना राजगढ़ के अंतर्गत ढांगी गांव के पास एक ट्रक सड़क से नीचे गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि ट्रक में सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
पुलिस को दिए बयान में हीरा सिंह पुत्र मोहन सिंह निवासी धाली ने बताया कि 7 नवंबर की रात करीब 12:20 बजे अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी। कुछ समय बाद उन्हें सूचना मिली कि ढांगी गांव के पास एक ट्रक सड़क से नीचे गिर गया है।
इसके बाद वह ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर सड़क से करीब 400 से 500 मीटर नीचे घासनी में एक ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में पड़ा हुआ था। सुबह रोशनी होने पर ट्रक का नंबर HP07F-1070 पाया गया।
ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन में एक व्यक्ति मृत अवस्था में फंसा हुआ मिला। ट्रक मालिक ने मृतक की पहचान टीका राम पुत्र संत राम निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, संजौली, जिला शिमला के रूप में की।
ट्रक में दीपक पुत्र सूबा राम निवासी नेपाल भी सवार था, जो हादसे में घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक द्वारा वाहन को तेज रफ्तारी और लापरवाही से चलाना पाया गया है।
पुलिस थाना राजगढ़ में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
