राजबन में दो महिलाओं के साथ मारपीट, डंडा लेकर रास्ता रोका; पुलिस में मामला दर्ज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर के राजबन क्षेत्र में दो महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने पहले अपनी परिचित युवती के साथ मारपीट की और बीच-बचाव करने पहुंची दूसरी युवती को भी निशाना बनाया।
पुलिस को दी शिकायत में स्नेहा पुत्री जयपाल सिंह निवासी गिरी बस्ती, राजबन ने बताया कि 5 नवंबर 2026 को उसकी सहेली दीपिका पुत्री राजेन्द्र सिंह उसके घर आई हुई थी। दोनों आपस में बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान सुबह करीब 10:30 बजे उसकी भाभी लखविन्द्र कौर वहां पहुंची और दीपिका के साथ मारपीट करने लगी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उसने बीच-बचाव करते हुए लखविन्द्र कौर को ऐसा करने से रोका तो आरोपी महिला ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि जब दोनों युवतियों ने वहां से निकलने का प्रयास किया तो लखविन्द्र कौर ने डंडा लेकर उनका रास्ता रोक दिया और दोनों के साथ डंडे से मारपीट की।
पुलिस चौकी राजबन में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
