नाहन के कैंट चौक के पास दो भाइयों पर चाकू से हमला, गले और कान के पास आई चोटें
नाहन (सिरमौर)। नाहन में रात के समय दो भाइयों पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि घर लौट रहे दोनों भाइयों का रास्ता रोककर एक व्यक्ति ने उन पर चाकू से वार कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।
पुलिस थाना सदर नाहन में दर्ज शिकायत के अनुसार, विशाल पुत्र स्वर्गीय बिमल कुमार निवासी कच्चा टैंक, नाहन ने बताया कि 5 नवंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह अपने भाई चेतन के साथ BIG WAY, कैंट चौक के पास खड़ा था।
इसी दौरान आर्मी कैंट एरिया निवासी कमल नारायण ने कथित तौर पर बिना किसी कारण उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार, जब दोनों भाई वहां से घर जाने लगे तो आरोपी ने उनका रास्ता रोक लिया और उन पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में विशाल के गले तथा उसके भाई चेतन के कान के पास चोटें आईं।
पुलिस थाना सदर नाहन में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी है।
