Home योजनाएं दीपावली पर हिमाचल के 1,444 निर्माण श्रमिकों की चमकी किस्मत, खाते में पहुंचे 6.11 करोड़ रुपये

दीपावली पर हिमाचल के 1,444 निर्माण श्रमिकों की चमकी किस्मत, खाते में पहुंचे 6.11 करोड़ रुपये

by Dainik Janvarta
0 comment

दीपावली पर हिमाचल के निर्माण श्रमिकों को बड़ी राहत, 1,444 परिवारों को मिले 6.11 करोड़ रुपये

दीपावली से पहले हिमाचल प्रदेश के हजारों निर्माण श्रमिक परिवारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। किसी को बच्चों की पढ़ाई, किसी को बेटी के विवाह तो किसी को घर बनाने के लिए आर्थिक मदद मिली है।

शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने दीपावली के अवसर पर निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की है। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से प्रदेश के 11 जिलों के 1,444 लाभार्थियों को करीब 6 करोड़ 11 लाख रुपये की सहायता दी गई है।

शिमला स्थित मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। इस अवसर पर उद्योग एवं श्रम मंत्री हर्षवर्धन चौहान तथा देहरा की विधायक एवं मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर भी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में उद्योग एवं श्रम मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से शिक्षा, विवाह, चिकित्सा, आवास और अन्य जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के हित में विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने पात्र श्रमिकों से इन योजनाओं की जानकारी लेकर इनका लाभ उठाने की अपील की।

शिक्षा और विवाह सहायता पर सबसे ज्यादा राशि खर्च

बोर्ड की ओर से जारी सहायता राशि में विवाह सहायता योजना के तहत 1 करोड़ 70 लाख 87 हजार रुपये, शिक्षा सहायता योजना के तहत 3 करोड़ 14 लाख 67 हजार 700 रुपये दिए गए। इसके अलावा मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता के लिए 32 लाख 80 हजार रुपये, चिकित्सा सहायता के लिए 54,610 रुपये तथा अन्य योजनाओं के तहत 5 लाख 10 हजार रुपये प्रदान किए गए।

वहीं, मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत घर बनाने के लिए 67 पात्र निर्माण श्रमिकों को कुल 86 लाख 58 हजार रुपये के चेक दिए गए। अन्य स्वीकृत योजनाओं की राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी गई।

मंडी जिले के सबसे ज्यादा लाभार्थी

जिलावार आंकड़ों के अनुसार मंडी में सबसे अधिक 440 लाभार्थियों को 1 करोड़ 61 लाख 18 हजार 200 रुपये की सहायता मिली। शिमला में 183 लाभार्थियों को 72 लाख 97 हजार 200 रुपये, बिलासपुर में 173 को 65 लाख 53 हजार 800 रुपये तथा हमीरपुर में 148 लाभार्थियों को 64 लाख 94 हजार 610 रुपये दिए गए।

इसी तरह ऊना में 142 लाभार्थियों को 1 करोड़ 5 लाख 9 हजार 700 रुपये, किन्नौर में 168 को 64 लाख 92 हजार 200 रुपये, कांगड़ा में 63 को 31 लाख 200 रुपये तथा सिरमौर में 29 लाभार्थियों को 15 लाख 38 हजार 200 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

इसके अतिरिक्त चंबा में 50 लाभार्थियों को 14 लाख 12 हजार 600 रुपये, कुल्लू में 38 को 9 लाख 45 हजार 600 रुपये तथा सोलन में 10 लाभार्थियों को 5 लाख 95 हजार रुपये की सहायता दी गई।

सरकार की इस पहल से प्रदेश के सैकड़ों निर्माण श्रमिक परिवारों को त्योहार के मौके पर आर्थिक संबल मिला है।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.