भूपपुर में तेज रफ्तार बाइक का कहर, सड़क पार कर रहे राहगीर को मारी टक्कर; दो घायल
पांवटा साहिब में सड़क हादसे के बाद बाइक सवार भी सड़क पर गिरे, घायलों को आई चोटें, पुलिस ने चालक के खिलाफ दर्ज किया केस
पांवटा साहिब के भूपपुर में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से सड़क पार कर रहा एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति भी संभल नहीं पाया और मोटरसाइकिल सहित सड़क पर जा गिरा। दुर्घटना में राहगीर समेत दो लोग घायल हुए हैं।
मामला 3 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे का है। पुलिस को दी गई शिकायत में भूपपुर निवासी आफताब ने बताया कि वह अपनी दुकान के बाहर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान एक व्यक्ति सड़क पार कर रहा था। तभी रैनबैक्सी की तरफ से बद्रीपुर-पांवटा साहिब की ओर आ रही एक मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, मोटरसाइकिल की रफ्तार तेज थी। राहगीर को टक्कर लगने के बाद बाइक चालक और पीछे बैठा व्यक्ति भी संतुलन खो बैठे और दोनों मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर गए।
हादसे में सड़क पार कर रहे राकेश कुमार उर्फ बच्चू के सिर में चोटें आईं, जबकि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे मुकेश कुमार निवासी केदारपुर के माथे पर चोट लगी। बाइक चला रहे व्यक्ति की पहचान नीरज कुमार निवासी केदारपुर के रूप में हुई है।
उधर, एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
