पुरुवाला में 291 ग्राम गांजे के साथ व्यक्ति गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति गांजे की खेप के साथ पकड़ा गया। पुरुवाला-डोबरी नहर मार्ग के समीप पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 291 ग्राम गांजा बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुरुवाला थाना की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पुरुवाला-डोबरी नहर मार्ग के समीप कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान व्यक्ति के कब्जे से 291 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी की पहचान शराफत अली निवासी गांव पुरुवाला, डाकघर गोरखुवाला, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के रूप में की है।
मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।
