शिमला में मिठाइयों के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़! दुकान में मिलीं मक्खियां और चूहों की बीट, 14 किलो मिठाई नष्ट
शिमला। त्योहारों के बीच मिठाई खरीदते समय जरा सावधान रहें! राजधानी शिमला में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान एक मिठाई की दुकान पर ऐसा गंदा हाल मिला, जिसने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और दुकानों में साफ-सफाई के दावों पर सवाल खड़े कर दिए।
मिठाइयों से दुर्गंध आने के साथ उन पर मक्खियां और कीड़े मंडरा रहे थे। इतना ही नहीं, जांच के दौरान मिठाइयों में चूहों का मल भी पाया गया। मामला सामने आते ही खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 14 किलोग्राम बासी और दूषित मिठाइयां मौके पर ही नष्ट करवा दीं।
जानकारी के अनुसार, लोगों की ओर से बासी और खराब मिठाइयां बेचे जाने की शिकायत मिलने के बाद विभाग की टीम बुधवार दोपहर बाद लक्कड़ बाजार स्थित एक मिठाई की दुकान पर पहुंची। सहायक आयुक्त डॉ. विजया ने दुकान का निरीक्षण किया। जांच में मिठाइयों की स्थिति बेहद खराब पाई गई। दुकान में स्वच्छता का स्तर भी संतोषजनक नहीं था।
टुटू में मिठाइयों समेत खाद्य पदार्थों के 9 सैंपल भरे
विभाग की एक अन्य टीम ने टुटू क्षेत्र में सड़क किनारे खुले में लगाए गए मिठाई के स्टॉल का भी निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सुनील शर्मा ने यहां से अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नौ नमूने एकत्र किए।
इनमें काजू बर्फी, माह बर्फी और मिल्क केक सहित अन्य मिठाइयों के सैंपल शामिल हैं। सभी नमूनों को गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदारों को साफ-सफाई रखने की हिदायत
सहायक आयुक्त डॉ. विजया ने संबंधित दुकानदारों को परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया कि बासी, खराब और असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी खरीदारी के दौरान उपभोक्ताओं को भी मिठाइयों की ताजगी, गुणवत्ता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
