पांवटा और नाहन में दो अलग-अलग विवादों में मारपीट और धमकी के आरोप, पुलिस ने दर्ज किए केस
सिरमौर में विवादों के दो मामले सामने आए हैं। पांवटा साहिब में टैम्पू यूनियन के कुछ लोगों पर चालक से मारपीट और प्रवासी मजदूर से गाली-गलौच करने का आरोप लगा है, वहीं नाहन में भूमि कब्जाने की कोशिश के दौरान खेत की तारबंदी उखाड़ने और दंपती को जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज हुई है।
नाहन/पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला सिरमौर में लड़ाई-झगड़े और विवाद से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने केस दर्ज किए हैं। पहला मामला पांवटा साहिब में टैम्पू यूनियन से जुड़े लोगों पर मारपीट के आरोपों का है, जबकि दूसरा मामला नाहन क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर सामने आया है। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायतों के आधार पर अभियोग दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पांवटा साहिब: टैम्पू चालक को रोककर मारपीट करने का आरोप
पुलिस थाना पांवटा साहिब में अरुण खान निवासी हरिपुर टोहाना, डाकघर शिवपुर ने शिकायत दर्ज करवाई कि 2 नवंबर को वह अपने टैम्पू नंबर HP17A-0425 में भाटावाली से एक प्रवासी मजदूर के घर का सामान लोड करके मुख्य सड़क पर पहुंचा था। इसी दौरान जिला सिरमौर टैम्पू यूनियन के कुछ लोग गाड़ी नंबर HP17D-0911 में उसका पीछा करने लगे।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने अपनी गाड़ी उसके टैम्पू के आगे लगाकर उसे रोक लिया और उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान प्रवासी मजदूर के साथ भी गाली-गलौच की गई और उसे जबरदस्ती यूनियन ले जाने का प्रयास किया गया।
अरुण खान ने आरोप लगाया कि यूनियन के छोटा प्रधान आशिक अली भी कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचा और उसके साथ मारपीट व गाली-गलौच की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नाहन: जमीन की तारबंदी उखाड़ने और दंपती को धमकाने का आरोप
दूसरा मामला पुलिस थाना नाहन के अंतर्गत गांव बड़ाबन, डाकघर कोलर का है। यहां के निवासी जोगिन्द्र सिंह ठाकुर ने गोपीचन्द, उसके भाई मदन सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 1 और 2 नवंबर की मध्यरात्रि आरोपियों ने कथित तौर पर जमीन पर कब्जा करने की नीयत से ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर दी। इस दौरान जमीन के चारों तरफ लगाए गए लोहे के पोल और कंटीली तार भी उखाड़कर क्षतिग्रस्त कर दिए गए।
आरोप है कि जमीन तक जाने वाले रास्ते को भी कंटीली झाड़ियों और ड्रम लगाकर बंद कर दिया गया। इसके अलावा शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी को जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।
पुलिस थाना नाहन में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों मामलों में तथ्यों की जांच कर रही है।
