नाहन में घर के दरवाजे पर बुजुर्ग की जेब से 50 हजार रुपये चोरी होने का आरोप, संदिग्ध युवकों पर शक
नाहन (सिरमौर)। बैंक से नकदी निकालकर घर लौटे एक बुजुर्ग के साथ घर की दहलीज पर ही कथित तौर पर चोरी की वारदात होने का मामला सामने आया है। नाहन के जैन मंदिर के समीप रहने वाले विजय कुमार जैन ने तीन-चार संदिग्ध युवकों पर उनकी जेब से 50 हजार रुपये निकालने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने इस संबंध में डीएसपी नाहन को लिखित शिकायत सौंपकर बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और संदिग्धों की पहचान करने की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, विजय कुमार जैन 2 नवंबर को दोपहर के समय बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। उन्होंने यह रकम अपनी पैंट की दाहिनी जेब में रखी हुई थी। घर पहुंचने के लिए वह दिल्ली गेट, बड़ा चौक और जैन बाजार वाली गली से होकर गुजरे।
विजय जैन का आरोप है कि इस दौरान तीन-चार युवक लगातार कभी उनके आगे तो कभी पीछे चलते रहे। जब वह अपने घर के दरवाजे पर पहुंचे तो इनमें से दो युवक उनके बेहद करीब आ गए। उनका कहना है कि जैसे ही उन्होंने घर का दरवाजा खोलने की कोशिश की, इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से 50 हजार रुपये निकाल लिए।
पीछे मुड़कर देखने पर एक युवक ने उनसे बस स्टैंड जाने का रास्ता पूछ लिया। विजय जैन के अनुसार, युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उन्होंने उसे दिल्ली गेट की तरफ जाने का रास्ता बता दिया। बाद में जेब से नकदी गायब होने का पता चलने पर उन्हें चोरी का संदेह हुआ।
उन्होंने पुलिस से घटनास्थल और आसपास के बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर संदिग्ध युवकों का पता लगाने तथा उनकी नकदी बरामद करवाने की मांग की है।
उधर, डीएसपी नाहन शक्ति सिंह ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने त्योहारी सीजन के मद्देनजर लोगों को नकदी और कीमती सामान को लेकर सतर्क रहने की सलाह भी दी है।
