नाहन बाल्मीकि चौक हिंसा मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन और आरोपी गिरफ्तार; अब तक 14 पहुंचे सलाखों के पीछे
नाहन (सिरमौर)। नाहन के बाल्मीकि चौक पर हुई हिंसक झड़प और पथराव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या बढ़कर 14 हो गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को बाल्मीकि चौक पर हुई हिंसक घटना के संबंध में दर्ज FIR नंबर 208/2026 की जांच के दौरान नाहन पुलिस ने गत रात्रि तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को मंगलवार को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें पूछताछ के लिए तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के साथ-साथ उनकी भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि हिंसा और कानून-व्यवस्था भंग करने में संलिप्त पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि बाल्मीकि चौक हिंसा मामले में अब तक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
