रेणुका मेले के नाम पर पंचायत प्रधानों से 2-2 हजार रुपये मांगने का मामला गरमाया, कालाअंब प्रधान ने दी आंदोलन की चेतावनी
नाहन (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के आयोजन के लिए पंचायत प्रधानों से दो-दो हजार रुपये मांगने का मामला अब विवाद का विषय बन गया है। कथित तौर पर राशि जमा करवाने के निर्देश जारी होने के बाद पंचायत प्रतिनिधियों में नाराजगी है। कालाअंब पंचायत के प्रधान यशपाल शर्मा ने इस पर कड़ा विरोध जताते हुए प्रशासन को आंदोलन की चेतावनी दी है।
नाहन में मीडिया से बातचीत करते हुए ग्राम पंचायत कालाअंब के प्रधान यशपाल शर्मा ने आरोप लगाया कि पहले रेणुका मेले के आयोजन के लिए औद्योगिक इकाइयों से आर्थिक सहयोग जुटाया जाता था, लेकिन अब पंचायतों से भी धनराशि मांगी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) की ओर से जिले के सभी पंचायत प्रधानों को दो-दो हजार रुपये जमा करवाने के निर्देश दिए गए थे।
यशपाल शर्मा ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंचायतों पर इस तरह की राशि जमा करवाने का दबाव बनाना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पंचायत प्रतिनिधियों को पैसे जमा करवाने के लिए बाध्य किया गया तो सभी पंचायत प्रधानों को साथ लेकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
एसडीएम ने किया राशि वसूली से इनकार
दूसरी ओर, मामले में एसडीएम नाहन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि पंचायत प्रधानों से मेले के आयोजन के लिए किसी प्रकार की राशि नहीं ली जा रही है। उन्होंने बताया कि बीडीओ कार्यालय की ओर से राशि जमा करवाने के संबंध में जारी पत्र को वापस ले लिया गया है।
प्रशासन की ओर से पत्र वापस लिए जाने के बाद फिलहाल यह विवाद शांत होता नजर आ रहा है, लेकिन पंचायत प्रधान यशपाल शर्मा के विरोध ने मेले के आयोजन के लिए धन जुटाने की प्रक्रिया को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
