शिमला के संकट मोचन मंदिर में चोरी, भगवान के तीन चांदी के मुकुट और माता सीता की सोने की नथ ले उड़ा शातिर; CCTV में दिखा संदिग्ध
जिस मंदिर में श्रद्धालु सिर झुकाकर अपनी मन्नतें मांगते हैं, वहां चोर ने भगवान के गहनों पर ही हाथ साफ कर दिया। शिमला के प्रसिद्ध श्री संकट मोचन मंदिर में हुई इस चोरी से श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। शातिर मंदिर के गर्भगृह से चांदी के तीन मुकुट और माता सीता की सोने की नथ चोरी कर फरार हो गया।
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित प्रसिद्ध श्री संकट मोचन मंदिर में चोरी की इस घटना ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरी किए गए आभूषणों के अलावा आरोपी मंदिर में रखे दानपात्र से नकदी भी ले गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गर्भगृह से आभूषण और दानपात्र से नकदी गायब
पुलिस के अनुसार चोर मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचा और वहां रखे भगवान के चांदी के तीन मुकुट चोरी कर लिए। इसके साथ ही माता सीता की करीब एक तोले की सोने की नथ भी गायब मिली। आरोपी ने मंदिर में रखे दानपात्र को भी नहीं छोड़ा और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गया।
मामले में पुलिस थाना पश्चिम में एक नवंबर को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(डी) के तहत केस दर्ज किया गया है।
CCTV में नजर आया संदिग्ध, पुलिस ने जारी की तस्वीर
चोरी की वारदात के बाद पुलिस मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति कैमरे में दिखाई दिया है। पुलिस ने उसकी तस्वीर जारी करते हुए आम लोगों से पहचान करने में सहयोग मांगा है।
पुलिस का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति तस्वीर में दिखाई दे रहे संदिग्ध को पहचानता है या उसके बारे में कोई जानकारी रखता है तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे। फिलहाल पुलिस संदिग्ध की पहचान करने और चोरी हुए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
संदिग्ध के बारे में यहां दें सूचना
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क करें:
- पुलिस थाना बालूगंज: 0177-2830193
- एसएचओ वेस्ट मोबाइल नंबर: 8894728013
पुलिस ने लोगों से जांच में सहयोग करने की अपील की है। अब देखना होगा कि मंदिर में चोरी की इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी तक पुलिस कब पहुंच पाती है और चोरी हुए धार्मिक आभूषणों की बरामदगी कब होती है।
