ऊना: नंदपुर के पास चलती कार में भड़की आग, तीन लोगों ने कूदकर बचाई जान; देखते ही देखते राख हुआ वाहन
चलती कार से अचानक उठने लगीं आग की लपटें, हाईवे पर मची अफरा-तफरी; समय रहते बाहर निकले तीनों यात्री।
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में ऊना-अंब राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा हादसा टल गया। नंदपुर गांव के पास आधी रात को चलती कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा वाहन जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि कार में सवार तीनों लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर छलांग लगा दी और अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, घटना 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की मध्यरात्रि की है। कार में दिल्ली के तिलक नगर निवासी तीन लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि तीनों बगलामुखी माता मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस दिल्ली लौट रहे थे।
नंदपुर के पास अचानक लगी आग
जब उनकी कार ऊना-अंब राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदपुर गांव के समीप पहुंची तो अचानक वाहन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें निकलने लगीं। खतरे को भांपते हुए कार सवार तीनों लोग तुरंत वाहन से बाहर निकल आए। इसके कुछ ही देर बाद आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन पूरी तरह जल गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद अंब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल कार में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। समय रहते कार से बाहर निकलने के कारण तीनों यात्रियों की जान बच गई।
