ऊना: ट्रैक्टर चालक का रास्ता रोक आंखों में फेंका पाउडर, फिर की मारपीट; 70 हजार रुपये गायब
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में बेखौफ हमलावरों ने एक ट्रैक्टर चालक को बीच रास्ते घेरकर निशाना बनाया। कार में सवार तीन युवकों ने पहले ट्रैक्टर का रास्ता रोका, फिर चालक की आंखों में पाउडरनुमा पदार्थ फेंककर उसके साथ मारपीट की।
मामला अम्ब क्षेत्र के गोंदपुर बनेहड़ा का है। पीड़ित राहुल शर्मा के मुताबिक, वह ट्रैक्टर लेकर जा रहा था, तभी कार सवार तीन युवकों ने अपनी गाड़ी ट्रैक्टर के आगे लगा दी और उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसकी आंखों में पाउडर जैसा पदार्थ फेंक दिया और मारपीट शुरू कर दी।
राहुल शर्मा ने आरोप लगाया है कि इस घटना के दौरान उसके पास रखे 70 हजार रुपये भी गायब हो गए। हमले में घायल होने के बाद उसे उपचार के लिए दौलतपुर अस्पताल ले जाया गया।
उधर, डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
