हिमाचल में दो दिन बदलेगा मौसम का मिजाज, ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश-बर्फबारी के आसार; जानें अपने जिले का हाल
पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने लगा है। हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले दो दिन हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में 1 और 2 नवंबर को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, मंडी और किन्नौर में 2 नवंबर को मौसम बदल सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके प्रभाव से प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और अन्य स्थानों पर बारिश हो सकती है। हालांकि यह बदलाव सीमित क्षेत्रों तक रहने की संभावना है।
सिरमौर समेत इन जिलों में मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। ऐसे में इन जिलों में बारिश-बर्फबारी की फिलहाल कोई संभावना नहीं जताई गई है।
तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया। अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य के आसपास रहा, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हुआ।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में यह 6 से 17 डिग्री और निचले पहाड़ी व मैदानी इलाकों में 12 से 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, कुछ मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि आगामी चार से पांच दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
3 से 6 नवंबर तक साफ रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 नवंबर के बाद प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 3 से 6 नवंबर तक राज्य के सभी हिस्सों में बारिश-बर्फबारी की संभावना नहीं जताई गई है। साथ ही अगले सात दिनों के लिए विभाग की ओर से कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
