हरिपुरधार में 4.74 ग्राम चिट्टे के साथ शिमला का युवक गिरफ्तार
हरिपुरधार में चिट्टा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, गुप्त सूचना पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ा। संगड़ाह पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.74 ग्राम हेरोइन बरामद कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
संगड़ाह (सिरमौर)। जिला सिरमौर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना संगड़ाह की टीम ने हरिपुरधार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को 4.74 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम हैलीपैड हरिपुरधार के पास गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि साहिल शर्मा निवासी गांव लोहाणधार, डाकघर मझौली, तहसील कुपवी, जिला शिमला हरिपुरधार के आसपास हेरोइन (चिट्टा) बेचने का अवैध कारोबार कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से 4.74 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना संगड़ाह में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
