कोटड़ी व्यास स्कूल के 6 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन, दिल्ली में करेंगे हिमाचल का प्रतिनिधित्व
ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान, 4 छात्राओं और 2 छात्रों का SGFI की 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के लिए चयन।
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास के छह खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाई है। स्कूल के चार छात्राओं और दो छात्रों का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026-27 के लिए हुआ है।
यह प्रतियोगिता 31 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होगी, जहां ये सभी खिलाड़ी अंडर-19 वर्ग में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
ये छह खिलाड़ी करेंगे हिमाचल का प्रतिनिधित्व
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित छात्राओं में अंश्वी, श्वेता, दीपिका (ऊपरी कोटड़ी) और स्नेहा (चांदपुर) शामिल हैं। वहीं, छात्रों में ध्रुव (चांदपुर) और आर्यन (ऊपरी कोटड़ी) ने अपनी जगह बनाई है।
खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विशेष रूप से चयनित छात्राओं के अभिभावकों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया है।
विद्यालय और क्षेत्र में खुशी की लहर
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी, समस्त स्टाफ, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मान सिंह, पूर्व प्रधान सुरेश कुमार, वर्तमान पंचायत प्रधान एवं उपप्रधान, बीडीसी सदस्य राजेश कुमार, एसएमसी सदस्य मूलराज, राजकुमार, सुमन देवी, सरबजीत कौर, मीरा देवी और पवन कुमार सहित शिक्षाविद् राजेश शर्मा (सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं एजुकेशन डायरेक्टर, हिल व्यू पब्लिक स्कूल माजरा) तथा समस्त क्षेत्रवासियों ने खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और कोच धर्मेंद्र चौधरी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी ने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, नियमित अभ्यास और कोच के उचित मार्गदर्शन का परिणाम है। ग्रामीण क्षेत्र के इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।
