Home खेल खेलों से नशे पर वार! हिमाचल में खिलाड़ियों की डाइट मनी 250 रूपए हुई, 300 खिलाड़ियों को मिली सरकारी नौकरी

खेलों से नशे पर वार! हिमाचल में खिलाड़ियों की डाइट मनी 250 रूपए हुई, 300 खिलाड़ियों को मिली सरकारी नौकरी

by Dainik Janvarta
0 comment

खेल युवाओं को नशे से दूर रखने का सशक्त माध्यम, सरकार ने खिलाड़ियों की डाइट मनी ₹250 की: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर

राजगढ़ में राज्य स्तरीय अंडर-14 छात्र खेल प्रतियोगिता का समापन, 480 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम; चार खेलों में सोलन, शिमला, कांगड़ा और मंडी ने हासिल किए प्रथम स्थान

राजगढ़ (सिरमौर)। खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक सोच से जोड़ने का भी सशक्त जरिया हैं। खेल गतिविधियां युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यह बात हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को राजगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-14 छात्र खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह में कही।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर जिला सिरमौर के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय अंडर-14 छात्र खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास में खेलों की अहम भूमिका है। खेल न केवल बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाते हैं, बल्कि उन्हें मानसिक तौर पर भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके शारीरिक विकास, स्वास्थ्य और खान-पान पर भी विशेष ध्यान दे रही है। इसी दिशा में खिलाड़ियों की डाइट मनी 130 रुपये से बढ़ाकर 250 रुपये की गई है।

प्रदेश में खुले चार नए स्पोर्ट्स हॉस्टल

शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने पिछले चार वर्षों में शिलाई, चौपाल, घुमारवीं और मंडी में चार नए स्पोर्ट्स हॉस्टल खोले हैं। इनके शुरू होने से प्रदेश में स्पोर्ट्स हॉस्टलों की संख्या बढ़कर 12 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल के युवा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने पिछले वर्षों में राष्ट्रीय स्तर पर 48 अवार्ड हासिल किए हैं। वहीं, खेलों के माध्यम से युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पिछले चार वर्षों में स्पोर्ट्स कोटे के तहत लगभग 300 खिलाड़ियों को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार ने 17 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी वितरित की है।

10 लाख की लागत से खाद्य प्रसंस्करण प्रयोगशाला का लोकार्पण

समारोह से पूर्व शिक्षा मंत्री ने पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ में 10 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित खाद्य प्रसंस्करण प्रयोगशाला का लोकार्पण किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षकों को उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण संसाधन, आधुनिक शिक्षण पद्धतियां और तकनीक आधारित शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इससे शिक्षकों के शिक्षण कौशल में सुधार होगा और विद्यार्थियों के सीखने के परिणाम भी बेहतर होंगे।

चार खेलों में इन जिलों ने मारी बाजी

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेमचंद चौहान ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जिलों और बॉयज हॉस्टल चौपाल से लगभग 480 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और टेबल टेनिस के मुकाबले आयोजित किए गए।

प्रतियोगिता के परिणामों में कबड्डी में सोलन, वॉलीबॉल में शिमला, टेबल टेनिस में कांगड़ा तथा खो-खो में मंडी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। समापन समारोह में शिक्षा मंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया। उन्होंने स्थानीय मांगों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सिरमौर राजीव ठाकुर ने जिले की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर, शिक्षा विभाग के खेल सहायक निदेशक अजय पांटा, स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.