श्री रेणुकाजी मेले में प्रसाद वितरण के प्लॉटों की होगी नीलामी, 11 नवंबर को लगेगी बोली
सहस्रधारा प्लॉट का आरक्षित मूल्य 60 हजार और देवशीला का 35 हजार रुपये तय
नाहन, 30 अक्तूबर। अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला-2026 में प्रसाद वितरण का कारोबार करने के इच्छुक लोगों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। मेले के दौरान देवशीला और सहस्रधारा में प्रसाद वितरण के लिए निर्धारित प्लॉटों का आवंटन नीलामी के माध्यम से किया जाएगा। इच्छुक बोलीदाता 11 नवंबर को होने वाली नीलामी प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे।
तहसीलदार ददाहू की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, दोनों प्लॉटों की नीलामी 11 नवंबर, 2026 को सुबह 11 बजे श्री रेणुका विकास बोर्ड के कार्यालय में आयोजित की जाएगी।
नीलामी के लिए सहस्रधारा स्थित प्लॉट का आरक्षित मूल्य 60,000 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि देवशीला स्थित प्लॉट का आरक्षित मूल्य 35,000 रुपये रखा गया है।
मौके पर जमा करवानी होगी पूरी बोली राशि
नीलामी की शर्तों के मुताबिक, सफल बोलीदाता को निर्धारित नीलामी राशि मौके पर ही एकमुश्त जमा करवानी होगी। यदि कोई सफल बोलीदाता निर्धारित राशि जमा करवाने में असमर्थ रहता है, तो उसकी बोली निरस्त कर दी जाएगी। इसके बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्लॉटों का आवंटन निर्धारित नीलामी प्रक्रिया और शर्तों के अनुसार ही किया जाएगा।
