कालाआंब: सब्जी मंडी के पास दड़ा-सट्टा लगाते व्यक्ति को पकड़ा, 920 रुपये बरामद
कालाअंब (सिरमौर)। कालाआंब में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दड़ा-सट्टा लगाने के आरोप में एक व्यक्ति को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से सट्टे की पर्ची और 920 रुपये बरामद किए गए हैं।
गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर को कालाआंब पुलिस की टीम गश्त पर थी और सब्जी मंडी के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति दड़ा-सट्टा लगवा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अमरेन्द्र कुमार को पकड़ा। आरोपी मूल रूप से वार्ड नंबर 01, गांव पकड़ी, डाकघर बसंतपुर, जिला सीतामढ़ी, बिहार का निवासी बताया गया है। वह वर्तमान में कालाआंब की शिवालिक कॉलोनी में रह रहा था।
सट्टे की पर्ची और नकदी बरामद
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दड़ा-सट्टा पर्ची सहित कुल 920 रुपये बरामद किए।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि इस मामले में कालाआंब पुलिस थाना में जुआ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
