राजबन में भीषण सड़क हादसा: बाइक सवार युवक की मौत, 18 वर्षीय युवक जिंदगी और मौत के बीच
पांवटा साहिब के किशनकोट के पास हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम; दूसरे को हायर सेंटर किया रेफर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब क्षेत्र में एक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं, जबकि दूसरे परिवार की चिंताएं बढ़ा दी हैं। राजबन के किशनकोट के पास बाइक हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, राजबन (किशनकोट) के पास हुए इस हादसे के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान घायल युवक को सांस लेने में सहायता देने के लिए एंबू बैग का इस्तेमाल किया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतक की पहचान विकेश (26) पुत्र रंगी लाल, निवासी मालगी, राजबन के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल दूसरे युवक की पहचान गौरव (18), निवासी सिरमौर ताल के तौर पर हुई है।
पुलिस जुटी हादसे के कारणों की जांच में
हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है। हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
