नाहन वाल्मीकि चौक विवाद में दोनों पक्षों के 10-12 लोग पूछताछ के लिए थाने बुलाए
गेट लगाने को लेकर वाल्मीकि और सिख समुदाय के कुछ लोगों के बीच हुआ था विवाद, पुलिस जुटा रही घटना से जुड़े तथ्य और साक्ष्य
नाहन (सिरमौर)। नाहन शहर में 23 अक्तूबर को वाल्मीकि समुदाय और सिख समुदाय के कुछ व्यक्तियों के बीच गेट लगाने को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मंगलवार शाम को दोनों पक्षों से संबंधित 10 से 12 व्यक्तियों को पूछताछ के लिए पुलिस थाना सदर नाहन बुलाया गया, जहां उनसे घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 23 अक्तूबर 2026 को नाहन शहर में गेट लगाने को लेकर दोनों पक्षों के कुछ व्यक्तियों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ था। इस दौरान तनावपूर्ण स्थिति बनने के बाद पुलिस थाना सदर नाहन में अभियोग संख्या 208/2026 दर्ज किया गया।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 191(2), 191(3), 190, 132 और 324(4) के साथ सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम (PDP Act) की धारा 3 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान दोनों पक्षों से जुड़े व्यक्तियों को पूछताछ के लिए बुलाकर घटना से संबंधित तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के प्रावधानों के अनुरूप आगामी कार्रवाई की जाएगी।
