कांगड़ा DC हेमराज बैरवा की केंद्र में नई नियुक्ति, ऊर्जा मंत्रालय में चार साल संभालेंगे जिम्मेदारी
हिमाचल प्रदेश के प्रशासनिक महकमे से बड़ी खबर सामने आई है। कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा अब केंद्र सरकार में अपनी सेवाएं देंगे और उन्हें ऊर्जा मंत्रालय में उपसचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश काडर के वर्ष 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हेमराज बैरवा की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को मंजूरी मिल गई है। भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय में उपसचिव के पद पर उनकी नियुक्ति की गई है। इस संबंध में केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने 26 अक्तूबर को आदेश जारी कर हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, राज्य सरकार को हेमराज बैरवा को तत्काल कार्यमुक्त करना होगा, ताकि वह दिल्ली में केंद्र सरकार के अधीन अपना नया पदभार संभाल सकें। उनकी नियुक्ति केंद्रीय प्रतिनियुक्ति योजना के तहत चार साल के लिए की गई है। प्रतिनियुक्ति की अवधि पदभार ग्रहण करने की तारीख से शुरू होगी या अगले आदेश तक लागू रहेगी। इनमें से जो भी पहले होगा, उसी के आधार पर अवधि निर्धारित की जाएगी।
तीन सप्ताह के भीतर संभालना होगा पदभार
केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि हेमराज बैरवा को नियुक्ति आदेश जारी होने की तारीख से तीन सप्ताह के भीतर नई जिम्मेदारी संभालनी होगी। निर्धारित समय सीमा में पदभार ग्रहण नहीं करने की स्थिति में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति योजना के तहत उनकी उम्मीदवारी समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
हेमराज बैरवा वर्तमान में कांगड़ा जिले के उपायुक्त के रूप में कार्यरत हैं। अब राज्य सरकार से कार्यमुक्त होने के बाद वह केंद्र में ऊर्जा मंत्रालय के प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनकी नियुक्ति हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक तंत्र से केंद्र सरकार में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखी जा रही है।
