राजगढ़ के मियोग गांव में किराये के कमरे में मिले दंपति के शव, आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
सिरमौर के मियोग गांव में पिछले डेढ़ महीने से साथ रह रहे थे दोनों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
राजगढ़ (सिरमौर)। सिरमौर जिले के राजगढ़ क्षेत्र में एक दंपति की मौत का मामला सामने आने से इलाके में चिंता का माहौल है। ग्राम पंचायत कोठिया जाजर के मियोग गांव में किराये के कमरे में रह रहे युवक और महिला के शव फंदे से लटके मिले। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों की मौत के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
मृतकों की पहचान अजय (27), निवासी कोटला मांगण, और ममता (33), निवासी गांव बाग धमनिया, पंचायत डिम्बर, के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पिछले करीब एक से डेढ़ महीने से मियोग गांव में किराये के कमरे में साथ रह रहे थे। सोमवार को घटना की सूचना आपातकालीन नंबर 112 पर पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने के बाद राजगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में करवाने की सलाह दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों अलग-अलग जातियों से संबंध रखते थे। ममता के दो बेटे भी बताए जा रहे हैं। हालांकि, इन परिस्थितियों का घटना से कोई संबंध है या नहीं, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस जांच के बाद सामने आएंगे मौत के कारण
डीएसपी वीसी नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों को लेकर अभी कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
