त्रिलोकपुर मंदिर में उमड़ी श्रद्धा: नवरात्र मेले में 1.67 करोड़ का चढ़ावा, 279 ग्राम सोना और 21 किलो चांदी चढ़ाई
1.32 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां बाला सुंदरी के दरबार में नवाया शीश, 26 अक्तूबर को संपन्न हुआ अश्विनी नवरात्र मेला
कालाअंब (सिरमौर)। सिरमौर के त्रिलोकपुर स्थित प्रसिद्ध मां बाला सुंदरी मंदिर में अश्विनी नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं ने दिल खोलकर चढ़ावा अर्पित किया। 16 दिनों तक चले मेले में 1,32,700 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। इस दौरान मंदिर में नकदी के साथ सोने और चांदी का भी चढ़ावा प्राप्त हुआ।
11 से 26 अक्तूबर तक आयोजित मेले के दौरान श्रद्धालुओं ने कुल 1,67,04,287 रुपये नकद मां के चरणों में अर्पित किए। इसके अतिरिक्त मंदिर में 279 ग्राम 300 मिलीग्राम सोना और 21,350 ग्राम चांदी भी चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुई। मेले के आंकड़े मंदिर में श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी को दर्शाते हैं।
धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुआ मेले का समापन
अश्विनी नवरात्र मेले के समापन अवसर पर उपमंडलाधिकारी नाहन एवं त्रिलोकपुर मंदिर न्यास के संयुक्त आयुक्त राजीव सांख्यान ने परिवार सहित मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने हवन-यज्ञ में हिस्सा लिया और कन्या पूजन कर मां बाला सुंदरी का आशीर्वाद लिया।
सफल आयोजन के लिए जताया आभार
राजीव सांख्यान ने कहा कि नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। उन्होंने मेले का आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न करवाने में सहयोग देने के लिए मंदिर न्यास के कर्मचारियों और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन में योगदान देने वाले सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर मंदिर न्यास त्रिलोकपुर के प्रभारी विजय पाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
