बर्मापापड़ी क्रिकेट लीग में त्रिलोकपुर का दबदबा, लगातार दूसरी बार जीता खिताब
9 ओवर में 153 रन का लक्ष्य हासिल कर माता बालासुंदरी क्रिकेट क्लब बना चैंपियन, हिमांशु लेफ्टी और सोनी की तूफानी पारियों ने दिलाई जीत
कालाअंब (सिरमौर)। बर्मापापड़ी क्रिकेट लीग (BPCL) के फाइनल में माता बालासुंदरी क्रिकेट क्लब त्रिलोकपुर ने शानदार बल्लेबाजी के दम पर खिताब अपने नाम कर लिया। बाबा बतोड़िया क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में त्रिलोकपुर की टीम ने श्रीगुल क्रिकेट क्लब सराहां को हराकर लगातार दूसरी बार टूर्नामेंट जीतने का गौरव हासिल किया।
ग्राम पंचायत बर्मापापड़ी में आयोजित इस क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में माता बालासुंदरी क्रिकेट क्लब त्रिलोकपुर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीगुल क्रिकेट क्लब सराहां ने निर्धारित 10 ओवर में 152 रन बनाए। इसके जवाब में त्रिलोकपुर की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 9 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
त्रिलोकपुर की जीत में हिमांशु लेफ्टी और सोनी की पारियों ने अहम भूमिका निभाई। हिमांशु लेफ्टी ने मात्र 24 गेंदों में 74 रन बनाकर विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाया, जबकि सोनी ने महज 13 गेंदों में 49 रन की तेजतर्रार पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन से टीम ने आसानी से जीत दर्ज की।
विजेता को एक लाख, उपविजेता को 51 हजार रुपये
टूर्नामेंट में विजेता माता बालासुंदरी क्रिकेट क्लब त्रिलोकपुर को एक लाख रुपये की इनामी राशि प्रदान की गई। वहीं, उपविजेता श्रीगुल क्रिकेट क्लब सराहां को 51 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में ओपन कैटेगरी के तहत सैनवाला के खिलाड़ी योगी को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया, जबकि ग्रामीण कैटेगरी में श्रीगुल क्रिकेट क्लब के हार्दिक ने यह उपलब्धि हासिल की। दोनों खिलाड़ियों को पुरस्कार स्वरूप एलसीडी दी गई।
जीत के बाद ट्रॉफी मंदिर न्यास को भेंट

माता बालासुंदरी क्रिकेट क्लब त्रिलोकपुर के कप्तान मनीष ने जीत का श्रेय पूरी टीम के सामूहिक प्रयास को दिया। उन्होंने बताया कि टीम ने टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया और लगातार दूसरी बार खिताब जीतने में सफलता हासिल की।
जीत के बाद टीम ने ट्रॉफी माता बालासुंदरी मंदिर न्यास को भेंट कर दी। इस अवसर पर मंदिर न्यास के उपायुक्त एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान को ट्रॉफी सौंपी गई। फाइनल मुकाबले में सेवानिवृत्त अधिकारी जीतराम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
