सिरमौर में चिट्टे के खिलाफ कार्रवाई, 9.82 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार
राजगढ़ (सिरमौर)। सिरमौर जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डिटेक्शन सेल राजगढ़ की पुलिस टीम ने एक युवक को कथित तौर पर चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9.82 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद किया है। मामला पच्छाद थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को डिटेक्शन सेल राजगढ़ की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान दाड़ो देवरिया क्षेत्र में टीम को गुप्त सूचना मिली कि अंशु निवासी कोटला बड़ोग, डाकघर दाड़ो देवरिया, तहसील पच्छाद, मोटरसाइकिल नंबर HP-16AA-1774 पर सोलन से कोटला बड़ोग की ओर आ रहा है और उसके पास हेरोइन/चिट्टा होने की आशंका है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 9.82 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में मादक पदार्थ निरोधक कानून (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में बरामदगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस की ओर से नशे की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
