पांवटा साहिब के ज्वालापुर में दो बाइकों की टक्कर, बच्चे और महिला समेत चार घायल
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिले के पांवटा साहिब क्षेत्र में तेज रफ्तार और गलत दिशा में ओवरटेक करने के कारण सड़क हादसा हो गया। ज्वालापुर में बायोडीजल कंपनी के पास दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में एक बच्चे और महिला समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस थाना पुरुवाला में दर्ज शिकायत के अनुसार, कांशीपुर निवासी अविनाश ने बताया कि 24 अक्टूबर 2026 को रात करीब 8 बजे वह अपनी गाड़ी से पांवटा साहिब से घर लौट रहा था। जब वह ज्वालापुर में बायोडीजल कंपनी के पास पहुंचा तो एक मोटरसाइकिल ने तेज रफ्तार में उसकी गाड़ी को पीछे से ओवरटेक किया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, ओवरटेक करने के दौरान मोटरसाइकिल चालक गलत दिशा में चला गया और सामने से सतौन की ओर अपनी साइड में आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गया। टक्कर के बाद दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिर गए।
दोनों बाइकों के चालकों समेत चार लोग घायल
पुलिस के अनुसार, ओवरटेक करने वाली मोटरसाइकिल का नंबर UP11CM-5919 है। इसके चालक की पहचान मनीष पुत्र अशोक कुमार, निवासी गांव धमखेड़ी, तहसील व जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
दूसरी मोटरसाइकिल का नंबर HP17D-0838 बताया गया है। उस पर चालक रवि कुमार के साथ एक बच्चा तनवीर कुमार और एक महिला सवार थी। हादसे में दोनों मोटरसाइकिलों के चालक, बच्चे तनवीर कुमार और महिला को चोटें आईं। ये घायल टोकियों सैनवाला, माजरा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस थाना पुरुवाला में मोटरसाइकिल चालक मनीष के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
