कोटड़ी व्यास की 6 छात्राओं का राज्य स्तरीय टूर्नामेंट के लिए चयन, सिरमौर का करेंगी प्रतिनिधित्व
पांवटा साहिब: सिरमौर जिले के पांवटा दून क्षेत्र की छह होनहार छात्राओं ने खेलों में अपनी प्रतिभा साबित करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई है। मंडी के हाटगढ़ में 26 से 28 अक्टूबर तक होने वाले टूर्नामेंट में ये खिलाड़ी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटड़ी व्यास की छात्राओं का चयन हैंडबॉल और टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से पहले छात्राओं का स्टेट कैंप नाहन मॉडल स्कूल में आयोजित किया गया।
हैंडबॉल में तीन छात्राओं का चयन
हैंडबॉल में मन्नत, मनीषा और निधि ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर स्कूल का नाम रोशन किया है।
टेबल टेनिस में भी दिखाया दम
टेबल टेनिस में सुहाना, आरुषि और यशस्वी ने अपने खेल कौशल के दम पर राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में जगह बनाई है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी ने चयनित छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय खेल स्टाफ और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
छात्राओं की इस सफलता से कोटड़ी व्यास पंचायत और पांवटा दून क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अब सभी को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर स्कूल और सिरमौर जिले का नाम रोशन करेंगी।
