सिरमौर: नाहन में दो समुदायों के बीच तनाव बरकरार, पुलिस बल तैनात; एएसपी बोले- स्थिति नियंत्रण में
नाहन में स्वागत गेट लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को पथराव और पुलिस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, जबकि प्रशासन हालात पर लगातार नजर रख रहा है।
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर मुख्यालय नाहन में महर्षि वाल्मीकि चौक के समीप स्वागत गेट लगाने को लेकर वाल्मीकि मोहल्ला और गोविंदगढ़ मोहल्ला के बीच उपजा विवाद शुक्रवार देर शाम तक तनावपूर्ण बना रहा। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
एएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस मौके पर मौजूद है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रहे और तनाव को बढ़ने से रोका जा सके।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे दोनों पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। पत्थरों, ईंटों और कांच की बोतलों के इस्तेमाल से मौके पर हालात बिगड़ गए।
स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा। हालांकि, शाम करीब 5:30 बजे दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर पथराव शुरू हो गया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को मौके से हटाया और स्थिति संभालने का प्रयास किया।
पुलिसकर्मी भी आए चपेट में
हिंसक घटनाक्रम के दौरान पुलिस बल पर भी पथराव किया गया। इस दौरान एक महिला पुलिसकर्मी के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति बहाल करना और किसी भी तरह की नई झड़प को रोकना है। अधिकारियों के अनुसार, हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
