सिरमौर: 16 वर्षीय किशोरी की मौत से मचा हड़कंप, वीडियो में लगाए गंभीर आरोप; पुलिस जांच में जुटी
मौत से पहले बनाए गए वीडियो में किशोरी ने एक युवक और उसके परिजनों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
मामले में जाति को लेकर भेदभाव और निजी फोटो-वीडियो के जरिए कथित दबाव बनाने के आरोप भी सामने आए हैं, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल में 16 वर्षीय किशोरी की मौत का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना से पहले बनाए गए एक वीडियो में किशोरी ने अपनी मौत के लिए एक युवक और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी का पुरूवाला क्षेत्र के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग था। सामने आए वीडियो में किशोरी ने आरोप लगाया कि युवक के परिजनों की ओर से उसे उसकी जाति को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। उसने यह भी दावा किया कि युवक पहले उसके साथ संबंध में था, लेकिन बाद में जाति का हवाला देकर शादी से इनकार करने लगा।
किशोरी ने अपने एक अन्य वीडियो में आरोप लगाया था कि युवक के पास उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो मौजूद हैं। उसके मुताबिक, इन तस्वीरों और वीडियो को लेकर कथित तौर पर धमकी दी जाती थी और उस पर गलत काम करने के लिए दबाव बनाया जाता था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले में पुलिस जांच जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की सूचना मिलने के बाद पुरूवाला पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो में लगाए गए आरोपों सहित घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पांवटा साहिब के डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
