सिरमौर: सिम्बलवाला में मारपीट के दो मामले, एक परिवार के चार सदस्य घायल; महिला ने भी लगाए आरोप
मस्जिद के कमरे में मारपीट और स्कूटी चलाने को लेकर विवाद के मामले आए सामने, दोनों शिकायतों पर कालाअम्ब पुलिस ने दर्ज किए केस
कालाअम्ब (सिरमौर), 21 अक्तूबर। सिरमौर के सिम्बलवाला क्षेत्र में मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं को लेकर पुलिस में शिकायतें दर्ज हुई हैं। एक मामले में मस्जिद के कमरे में मारपीट के दौरान एक ही परिवार के चार सदस्य घायल हुए हैं, जबकि दूसरे मामले में स्कूटी धीरे चलाने की सलाह देने पर एक महिला के साथ कथित गाली-गलौज और मारपीट किए जाने के आरोप लगे हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहले मामले में सिम्बलवाला निवासी साहिल पुत्र रोशन अली ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह दिन में करीब 11:55 बजे गांव की मस्जिद में इमाम के पास गया था। इसी दौरान इस्तगफार, शाहरुख खान, आरिफ, ताज मोहम्मद, उसका बेटा आरिस और लाल दीन कथित तौर पर इमाम के कमरे में पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने लगे।
शिकायत के मुताबिक, साहिल को बचाने के लिए जब उसके पिता रोशन अली, पत्नी सुरैय्या, भाई राहिल और माता शाहीदा बेगम मौके पर पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इस घटना में साहिल, उसकी पत्नी सुरैय्या, पिता रोशन अली और माता शाहीदा बेगम को चोटें आईं।
स्कूटी धीरे चलाने की बात पर हुआ विवाद
दूसरी शिकायत सिम्बलवाला क्षेत्र की रोशनी पत्नी इस्तगफार ने दर्ज करवाई है। पुलिस के अनुसार, महिला ने बताया कि वह सुबह करीब 11:45 बजे दुकान से सामान लेने जा रही थी। घर से बाहर निकलते ही गांव का साहिल स्कूटी चलाते हुए वहां आया। रोशनी के अनुसार, उसने साहिल को स्कूटी आराम से चलाने के लिए कहा, जिस पर वह कथित तौर पर नाराज हो गया।
महिला ने आरोप लगाया कि साहिल ने स्कूटी रोककर उसके साथ गाली-गलौज की और फिर मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
पुलिस ने दर्ज किए दोनों मामले
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना कालाअम्ब में दोनों शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस घटनाओं की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
