कौलावालाभूड़ में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
चाय की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे राजिंदर सिंह उर्फ ताज, नाहन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान तोड़ा दम
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर के कौलावालाभूड़ में दो बाइकों की भिड़ंत ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय राजिंदर सिंह उर्फ ताज की नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे कौलावालाभूड़ क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि राजिंदर सिंह किसी काम से एक अन्य व्यक्ति की मोटरसाइकिल पर लिफ्ट लेकर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ दूरी आगे उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई।
टक्कर के कारण राजिंदर सिंह को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत उपचार के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। हालांकि, उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
चाय की दुकान चलाकर पालते थे परिवार
राजिंदर सिंह उर्फ ताज कौलावालाभूड़ से करीब एक किलोमीटर पहले चाय की दुकान चलाते थे। इसी काम के जरिए वह अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया, जबकि क्षेत्र में भी दुख का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
डीएसपी मुख्यालय शक्ति सिंह ने सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
