नाहन पीजी कॉलेज विवाद ने पकड़ा तूल, छात्र ने रास्ता रोककर मारपीट करने का लगाया आरोप
कैंटीन में बहन के साथ कथित बदसलूकी को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज
नाहन (सिरमौर)। डॉ. यशवंत सिंह परमार स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन से जुड़े विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। एक छात्र ने शिकायत देकर आरोप लगाया है कि रास्ता रोककर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।
पुलिस के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड नाहन निवासी रमन शर्मा ने पुलिस थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पीजी कॉलेज में तृतीय वर्ष का छात्र है। उसके आरोप के मुताबिक, तीन दिन पहले वह अपनी बहन के साथ कॉलेज की कैंटीन में बैठा था। इसी दौरान प्रशांत उर्फ पिंकू, जो शिकायतकर्ता के अनुसार कॉलेज का छात्र नहीं है, कुछ अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रशांत ने उसकी बहन के साथ बदतमीजी और छेड़छाड़ की तथा बहसबाजी की। शिकायतकर्ता के अनुसार, 19 अक्तूबर को जब वह कॉलेज से अपने कमरे की ओर जा रहा था, तो प्रशांत ने कुछ अन्य लोगों के साथ उसका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि वहां से जाने की कोशिश करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
पुलिस थाना नाहन में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
