पांवटा साहिब में रामलीला के दौरान विवाद, स्वागत टीम के सदस्य से मारपीट का आरोप
बद्रीपुर में शर्मा पेट्रोल पंप के पास हुई घटना, शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब के बद्रीपुर में रामलीला आयोजन के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि मुख्य अतिथि के स्वागत की तैयारी के बीच उसका रास्ता रोककर गाली-गलौज की गई और फिर उसके साथ मारपीट की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बद्रीपुर के वार्ड नंबर चार निवासी राजेश कुमार पुत्र रमेश चंद ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के मुताबिक, 19 अक्तूबर को शर्मा पेट्रोल पंप के पास रामलीला का आयोजन चल रहा था। उस समय राजेश कुमार मुख्य अतिथि के स्वागत के लिए बनाई गई टीम के साथ खड़े थे।
आरोप है कि इसी दौरान सुखदेव सिंह उर्फ सुख्खा और उसके बेटे अमृत सिंह व सिमरत सिंह ने पंडाल से बाहर उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उसने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो सुखदेव सिंह और उसके दोनों बेटों ने उसे नीचे गिराकर मारपीट की।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी।
