नाहन में बाइक सवार युवक को रोककर मारपीट, दो लोगों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
रेणुकाजी से लौट रहे युवक के साथ जेपी मोटर और सुतो कैफे के पास हुई घटना, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
नाहन (सिरमौर)। नाहन में एक युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, रेणुकाजी-दोसड़का से लौटते समय उसे रास्ते में रोककर कथित तौर पर मारपीट की गई और धमकाया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पिंकू पुत्र सतवीर सिंह निवासी गांव एवं डाकघर शिवपुर, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर ने पुलिस थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने दोस्त अब्दुल रहमान के साथ मोटरसाइकिल पर रेणुकाजी-दोसड़का गया था। वहां से वापस नाहन आते समय दोपहर करीब दो बजे डेलीगेट क्षेत्र में जेपी मोटर और सुतो कैफे के पास निखिल ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि इस दौरान रमन शर्मा ने शिकायतकर्ता के साथ हाथापाई और मारपीट की, जबकि आयन रीगता और निखिल ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
