नाहन में बेसहारा पशुओं को गौशाला पहुंचाने की मुहिम तेज, अब तक 42 पशु सुरक्षित आश्रय में भेजे
पालतू पशुओं को खुला छोड़ने वाले मालिकों पर होगी सख्त कार्रवाई, आवारा कुत्तों की नसबंदी भी जल्द होगी शुरू
नाहन (सिरमौर)। नाहन शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। विधायक अजय सोलंकी की पहल पर अब तक 42 पशुओं को सुरक्षित आश्रय के लिए गौशाला भेजा जा चुका है, जबकि खुले में घूमते पाए जाने वाले टैग लगे पालतू पशुओं के मालिकों पर भी अब सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसी अभियान के तहत मंगलवार को दो बड़ी गाड़ियों और एक पिकअप के माध्यम से 20 पशुओं को कोटला बड़ोग स्थित गौशाला के लिए रवाना किया गया। इससे पहले 22 पशुओं को गौशाला पहुंचाया जा चुका है। इस तरह अब तक कुल 42 पशुओं को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध करवाया गया है।
पशुओं को भेजने से पहले हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
पशुओं को गौशाला रवाना करने से पहले पशु चिकित्सक ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया, ताकि उनकी सेहत का आकलन कर सुरक्षित स्थानांतरण सुनिश्चित किया जा सके। यह पूरी प्रक्रिया विधायक अजय सोलंकी की देखरेख में संपन्न हुई।
इस दौरान एसडीएम नाहन राजीव संख्यान, नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान, वार्ड नंबर-2 के पार्षद नरेंद्र तोमर, पशु चिकित्सक और नगर परिषद के कर्मचारी मौजूद रहे।
पालतू पशुओं को खुला छोड़ने पर मालिकों पर होगी कार्रवाई
विधायक अजय सोलंकी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति का टैग लगा पालतू पशु खुले में घूमता हुआ पाया जाता है, तो उसके मालिक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं को सड़कों पर खुला न छोड़ें और उनके चारे, पानी, सुरक्षा तथा उचित देखभाल की जिम्मेदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि नाहन शहर को बेसहारा पशुओं की समस्या से मुक्त करने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है। पशुपालकों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सार्वजनिक सड़कों पर पशुओं को खुला छोड़ने से बचना चाहिए।
आवारा कुत्तों की नसबंदी का काम भी जल्द होगा शुरू
नाहन शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए उनकी नसबंदी का कार्य भी जल्द शुरू करवाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य पशु कल्याण के साथ-साथ शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और आवारा कुत्तों से जुड़ी समस्याओं को नियंत्रित करना है।
स्वच्छ और सुरक्षित नाहन बनाने पर जोर
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि नाहन शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। बेसहारा पशुओं को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध करवाने और शहर की अन्य समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि बेजुबान पशुओं का संरक्षण और शहरवासियों को राहत दिलाना, दोनों ही महत्वपूर्ण हैं। इन उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों और नगर परिषद के सहयोग से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
