पच्छाद के जडेनुआ में सरकारी शामलात भूमि पर खुदाई कर बजरी-ग्रेवर निकालने का मामला आया सामने
पुलिस ने JCB चालक, टिप्पर चालकों और वाहन मालिकों समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
सराहाँ (सिरमौर)। सिरमौर जिले के पच्छाद क्षेत्र में कथित अवैध खनन और सरकारी जमीन से बजरी-ग्रेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, मौके पर एक JCB मशीन और दो टिप्पर पाए गए, जिनका इस्तेमाल खनन सामग्री की खुदाई और ढुलाई में किया जा रहा था।
पुलिस थाना पच्छाद की टीम 19 अक्टूबर 2026 को गश्त के दौरान जडेनुआ में सड़क के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सड़क के दूसरी ओर पहाड़ी पर कटाव दिखाई दिया और वहां JCB मशीन से खुदाई होने की आवाज सुनाई दी।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने JCB नंबर HP16AA-2238 को टिप्पर नंबर HP16AA-3587 में बजरी-ग्रेवर भरते हुए पाया। वहीं, दूसरा टिप्पर नंबर HP16AA-3852 भी मौके पर खड़ा था।
पुलिस के मुताबिक, खनन के लिए इस्तेमाल की जा रही जमीन सरकारी शामलात भूमि पाई गई। मामले में JCB चालक नितिन चौहान, टिप्पर चालक अजय पुंडीर और रोहन कुमार तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने वाहन मालिकों सहित कुल छह व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस मामले में कथित अवैध खनन, सरकारी भूमि पर कटाव और बजरी-ग्रेवर चोरी से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
