केवाईसी अधूरी होने पर भी नहीं रुकी सोमी की पेंशन, विशेष प्रावधानों से मिला सामाजिक सुरक्षा का सहारा
सिरमौर के कोरगा में विभाग की संवेदनशील पहल, सोमी के साथ भाई और माता को भी मिल रहा पेंशन योजनाओं का लाभ
नाहन (सिरमौर)। दस्तावेजी औपचारिकताओं के कारण जरूरतमंद व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए जिला कल्याण विभाग ने संवेदनशील पहल की है। शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कोरगा निवासी सोमी को विशेष प्रावधानों के तहत सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ दिया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक संबल मिल रहा है।
जिला कल्याण अधिकारी गवा सिंह नेगी ने बताया कि सोमी की केवाईसी (KYC) पूरी न होने के कारण उनकी पेंशन से संबंधित मामला विभाग के संज्ञान में आया था। इसके बाद विभाग ने उनकी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मामले पर विचार किया और विशेष प्रावधानों के तहत उन्हें बिस्तर पर रहने वाले लाभार्थियों की सूची में शामिल किया। इसके परिणामस्वरूप सोमी को जुलाई माह से नियमित रूप से सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से सोमी के परिवार के अन्य पात्र सदस्यों को भी विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। सोमी के भाई को दिव्यांगता पेंशन, जबकि उनकी माता को सहारा पेंशन नियमित रूप से मिल रही है। इस तरह परिवार के पात्र सदस्यों को उनकी परिस्थितियों और जरूरतों के अनुरूप सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा गया है।
जिला कल्याण अधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के जरूरतमंद वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, बिस्तर पर रहने वाले व्यक्तियों, विधवाओं, निराश्रितों और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दिव्यांगजनों और बिस्तर पर रहने वाले लाभार्थियों की विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रावधान किए गए हैं, ताकि दस्तावेजी औपचारिकताओं के कारण पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें। विभाग का प्रयास है कि जरूरतमंदों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर उन्हें समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से लाभ उपलब्ध करवाया जाए।
जिला कल्याण अधिकारी ने आम लोगों से अपील की कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन या अन्य कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए संबंधित विभागीय कार्यालय से संपर्क करें, ताकि पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ प्राप्त किया जा सके।
सोमी के मामले में विभाग की यह पहल दर्शाती है कि विशेष परिस्थितियों में जरूरतमंदों की समस्याओं को समझकर उचित कदम उठाना सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
