पच्छाद में किराना दुकान से अवैध शराब बरामद, दुकानदार पर मामला दर्ज
सराहाँ (सिरमौर)। किराना दुकान की आड़ में कथित तौर पर अवैध शराब बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दुकान से देसी शराब की 10 बोतलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को पुलिस थाना पच्छाद की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि प्रेम सिंह पुत्र राम सिंह, निवासी धार चिम्लुआ, डाकघर डिंगर किन्नर, तहसील पच्छाद, जो वर्तमान में भगायण घाट में किराना दुकान चलाता है, कथित तौर पर दुकान से अवैध रूप से शराब बेच रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और संबंधित व्यक्ति के कब्जे से देसी शराब की 10 बोतलें बरामद कीं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
दैनिक जनवार्ता | सिरमौर
