पांवटा साहिब में यमुना नदी किनारे अवैध खनन, जेसीबी, टिप्पर और ट्रैक्टर पकड़े
पांवटा साहिब (सिरमौर)। यमुना नदी के रवाहड़ा क्षेत्र में सरकारी जमीन से कथित तौर पर अवैध खनन कर रेत-बजरी ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके से एक जेसीबी, एक टिप्पर और एक ट्रैक्टर को पकड़ा है, जबकि तीनों वाहनों के चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम गश्त के दौरान लोअर देवीनगर स्थित यमुना नदी के रवाहड़ा क्षेत्र में पहुंची। वहां एक जेसीबी, एक ट्रैक्टर और एक टिप्पर कथित तौर पर सरकारी जमीन से अवैध रूप से रेत-बजरी निकालते और ले जाते हुए पाए गए।
पुलिस टीम को देखकर तीनों वाहन मौके से भागने लगे। पुलिस ने करीब 100 मीटर दूर उन्हें पकड़ लिया। जांच के दौरान जेसीबी (लोडर) का नंबर UK07HD-0801 और टिप्पर का नंबर HP17G-6448 पाया गया, जबकि ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
पुलिस के अनुसार, जेसीबी चालक की पहचान सोनी पुत्र समेर चंद, निवासी खेड़ी, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), टिप्पर चालक की पहचान अजय पुत्र मोती लाल, निवासी बौड़ियां, जिला लखीमपुर (उत्तर प्रदेश) और ट्रैक्टर चालक की पहचान सुनील पुत्र सुरेंद्र, निवासी बाड़वाला, जिला देहरादून (उत्तराखंड) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मौके पर टिप्पर और ट्रैक्टर में लदी रेत-बजरी को चालकों ने वाहन चलाते समय जैक उठाकर नीचे गिरा दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर रात के समय सरकारी जमीन से अवैध खनन कर रेत-बजरी ले जाने का आरोप है।
इस मामले में पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी जांच जारी है।
दैनिक जनवार्ता | सिरमौर
