त्रिलोकपुर मंदिर में उमड़े 7700 श्रद्धालु, सप्तमी पर 8.28 लाख रुपये का चढ़ावा
कालाअंब (सिरमौर)। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन त्रिलोकपुर स्थित महामाया बालासुंदरी मंदिर में श्रद्धालुओं की खूब चहल-पहल रही। शनिवार को सप्तमी के अवसर पर 7700 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाया, जबकि मंदिर न्यास को 8,28,980 रुपये की नकद राशि चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुई।
नियमानुसार शनिवार सुबह 4 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके बाद मुख्य आरती की रस्म पुश्तैनी भक्त परिवार की ओर से निभाई गई। आरती संपन्न होने के साथ ही माता के दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा।
मंदिर न्यास समिति के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने बताया कि नवरात्र मेले के सातवें दिन कुल 7700 श्रद्धालु महामाया बालासुंदरी मंदिर पहुंचे। इस दौरान मंदिर न्यास को नकद चढ़ावे के रूप में 8 लाख 28 हजार 980 रुपये प्राप्त हुए।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा गया है। मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं के मद्देनजर मेला प्रबंधन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
