त्रिलोकपुर में नवरात्र मेले के छठे दिन 6000 श्रद्धालुओं ने किए माता बाला सुंदरी के दर्शन, 8.49 लाख रुपये चढ़ावा चढ़ा
कालाअंब (सिरमौर)। महामाया माता बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में शारदीय नवरात्र मेले के छठे दिन भी श्रद्धालुओं की आस्था देखने को मिली। शुक्रवार को करीब 6000 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में 8,49,129 रुपये की नकद भेंट अर्पित की।
नवरात्र मेले के छठे दिन शुक्रवार को मंदिर के कपाट सुबह 4:00 बजे खोल दिए गए। इसके बाद मंदिर में माता के श्रृंगार, आरती और भोग की रस्में विधिवत निभाई गईं। इन धार्मिक अनुष्ठानों में पुश्तैनी भक्त परिवार के सदस्यों के साथ मंदिर न्यास के सदस्य भी शामिल रहे।
दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। माता के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा और भक्तों ने माता बाला सुंदरी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
6000 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, शांतिपूर्ण संपन्न हुआ मेला
मेला अधिकारी एवं तहसीलदार नाहन उपेंद्र चौहान ने बताया कि शारदीय नवरात्र मेले के छठे दिन शुक्रवार को लगभग 6000 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में माथा टेका। इस दौरान श्रद्धालुओं की ओर से कुल 8,49,129 रुपये की नकद राशि माता को भेंट की गई।
उन्होंने बताया कि मेले का छठा दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
