Home जनसरोकार सिरमौर में सड़क सुरक्षा पर सख्ती: डबल हेलमेट का बिल अनिवार्य, बेसहारा पशु छोड़ने वालों पर भी होगी कार्रवाई

सिरमौर में सड़क सुरक्षा पर सख्ती: डबल हेलमेट का बिल अनिवार्य, बेसहारा पशु छोड़ने वालों पर भी होगी कार्रवाई

by Dainik Janvarta
0 comment

सिरमौर में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, दोपहिया वाहन खरीदते समय डबल हेलमेट का बिल होगा अनिवार्य

स्कूलों-अस्पतालों के पास लगेंगे स्पीड ब्रेकर और संकेतक, सड़कों पर बेसहारा पशु छोड़ने वालों पर भी होगी कार्रवाई

नाहन (सिरमौर), 16 अक्टूबर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिरमौर जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने की तैयारी की है। दोपहिया वाहनों के पंजीकरण के दौरान डबल हेलमेट के बिल को अनिवार्य रूप से संलग्न करने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा नीति के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सड़क सुरक्षा क्लबों को सक्रिय करने के निर्देश

उपायुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी उपमंडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा क्लबों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन और शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि उपमंडल अधिकारी अपने स्तर पर भी यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही, दोपहिया वाहनों के पंजीकरण के समय डबल हेलमेट की खरीद का बिल अनिवार्य रूप से संलग्न करवाया जाए।

स्कूलों और अस्पतालों के पास बढ़ेगी सुरक्षा

बैठक में लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को स्कूल परिसरों तथा अस्पतालों के आसपास प्राथमिकता के आधार पर रंबल स्ट्रिप्स, स्पीड ब्रेकर और यातायात संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा चिन्हित स्थानों पर स्पष्ट दिखाई देने वाली जेब्रा क्रॉसिंग, रोड रिफ्लेक्टर और कन्वेक्स मिरर लगाने को कहा गया, ताकि सड़क पर चलने वाले लोगों की सुरक्षा बढ़ाई जा सके।

सड़कों पर बेसहारा पशु छोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनने वाले बेसहारा पशुओं की समस्या पर भी बैठक में चर्चा हुई। उपायुक्त ने नगर परिषदों, नगर पंचायतों और ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि सड़कों पर पशु छोड़ने वाले लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने बेसहारा पशुओं को गौशालाओं में भेजने की व्यवस्था की भी समीक्षा की और संबंधित निकायों को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

ओवरलोडिंग पर नजर, सड़क किनारे निर्माण सामग्री उतारने पर रोक

उपायुक्त ने सड़क किनारे निर्माण सामग्री उतारने पर रोक लगाने और इससे पैदा होने वाली दुर्घटनाओं को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने खनन कार्य में इस्तेमाल होने वाले भारी वाहनों की ओवरलोडिंग रोकने के लिए समय-समय पर निरीक्षण करने और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वाहनों में लोडिंग की जांच केवल सड़क पर ही नहीं, बल्कि क्रशर स्थलों पर भी सुनिश्चित की जाए।

मेलों और त्योहारों में चलाई जाएंगी अतिरिक्त बसें

आगामी मेलों और त्योहारों के सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसें चलाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ ही जनसुरक्षा सुनिश्चित करना है।

बैठक का संचालन आरटीओ सोना चंदेल ने किया। उन्होंने बैठक में विभिन्न मदों को क्रमवार प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी, रोड सेफ्टी क्लब नाहन के अध्यक्ष नरेंद्र तोमर सहित राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण, स्वास्थ्य, पशुपालन विभाग और नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.