हमीरपुर: रातभर ट्रैक्टर के नीचे दबे रहे किसान, सुबह हुआ दर्दनाक हादसे का खुलासा
गेहूं की बिजाई करने खेत में गए 58 वर्षीय मदन चंद रातभर घर नहीं लौटे, तो परिजन उनकी तलाश में जुटे रहे। शुक्रवार सुबह खेत में पलटा ट्रैक्टर देखकर ग्रामीणों को हादसे का पता चला, लेकि न तब तक मदन चंद की जान जा चुकी थी।
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के बड़सर उपमंडल की जजरी पंचायत में ट्रैक्टर पलटने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मदन चंद (58) पुत्र आत्माराम, निवासी जजरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह वीरवार देर शाम खेत में गेहूं की बिजाई करने गए थे। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और वह उसके नीचे दब गए। रातभर हादसे की जानकारी किसी को नहीं मिल पाई।
देर रात तक घर नहीं लौटे तो परिजनों को हुई चिंता
जानकारी के अनुसार, मदन चंद खेत में अकेले काम कर रहे थे। जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों को उनकी चिंता सताने लगी। उनकी पत्नी ने फोन पर संपर्क करने का प्रयास भी किया, लेकिन मोबाइल वाइब्रेशन मोड पर होने के कारण फोन की आवाज सुनाई नहीं दी।
परिजन रातभर उनके घर लौटने का इंतजार करते रहे और उनकी तलाश में भी जुटे रहे। हालांकि, अंधेरे के कारण हादसे का पता नहीं चल सका।
सुबह ग्रामीणों ने देखा पलटा ट्रैक्टर
शुक्रवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों की नजर खेत में पलटे हुए ट्रैक्टर पर पड़ी। इसके बाद मदन चंद के ट्रैक्टर के नीचे दबे होने का पता चला। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है।
पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए पीछे
जजरी पंचायत के प्रधान अमित ढटवालियां ने बताया कि मदन चंद अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। इस दर्दनाक हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
